दुर्ग ब्रेकिंग: पुलगांव चौक पर सड़क हादसे में महिला की मौत, ट्रक चालक फरार
दुर्ग शहर के पुलगांव चौक पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना सुबह लगभग 7 बजे की है, जब काम पर जा रही महिला को एक ट्रक ने रौंद दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
मामला पुलगांव थाना क्षेत्र का है। मृतका की पहचान कोल्हापुरी निवासी उत्तरा (50 वर्ष) के रूप में हुई है, जो केपीएस स्कूल में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत थीं। वह रोज की तरह सुबह अपने घर से स्कूल के लिए निकली थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राजनांदगांव की ओर से आ रहा ट्रक बालोद की दिशा में मुड़ रहा था, इसी दौरान महिला उसकी चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए चौक पर यातायात भी बाधित रहा।
सूचना मिलने पर पुलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश जारी है।

