CG BREAKING: बारात में स्टंट बना मातम का कारण: कार दुर्घटना में डेढ़ साल के मासूम की मौत, गमगीन माहौल में हुई शादी
कोरवा, 16 मई: कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र में एक दुखद हादसा हुआ, जिसमें एक भांजे की मौत हो गई। सुरजपुर से चिमनीभठा आई बारात में दूल्हे का जीजा कार चला रहा था, और उसने रास्ते में स्टंट करने की कोशिश की। मुड़ापार शारदा विहार रोड पर कार का बैलेंस बिगडते से वह डीजे वाहन से टकरा गई। इस दुर्घटना में दूल्हे की गोद में बैठा डेढ़ साल का मासूम हरिओम डीजे के नीचे दब गया, जिससे उसकी सिर में गंभीर चोट आई और उसकी मौत हो गई।
बताया गया कि दूल्हे के जीजा, नीलेश तिवारी ने तेज रफ्तार से अचानक ब्रेक लगाया था, जिससे कार का बैलेंस बिगड़ गया। कार में चार लोग सवार थे, और वे सभी दुल्हन के घर जा रहे थे, जहां डीजे की धुन पर नाच-गाना हो रहा था। जैसे ही नीलेश ने स्टंट करने की कोशिश की, कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना के बाद, मौके पर पहुंचे राहगीरों ने जीजा की पिटाई की, और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घायल नीलेश को अस्पताल भेजा और मृतक के शव को मर्चुरी भेजा। इस हादसे के बाद दूल्हा शादी से मना करने लगा, लेकिन दुल्हन के परिजनों और स्थानीय लोगों के समझाने के बाद शादी गमगीन माहौल में संपन्न हुई।

