दुर्ग शिवनाथ नदी पुल के नीचे मिला अज्ञात शव, इलाके में हड़कंप
डिजिटल डेस्क |दुर्ग। जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र अंतर्गत चिखली स्थित शिवनाथ नदी पुल के नीचे शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने पुल के नीचे शव पड़ा देख तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 50 से 55 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
मृतक के बाएं हाथ पर ‘गौतम चंद’ नाम गोदना से लिखा हुआ मिला है, जिसके आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति की गुमशुदगी की जानकारी हो या उक्त नाम से संबंधित कोई जानकारी हो तो तत्काल नजदीकी थाना या जेवरा-सिरसा चौकी में संपर्क करें।

