नितेश साहू के नेतृत्व में 100 युवा करेंगे जगन्नाथ जी के दर्शन

दुर्ग से 100 युवाओं का जत्था पुरी धाम के लिए रवाना

डिजिटल डेस्क | दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी दुर्ग के जिला प्रवक्ता एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष नितेश साहू के नेतृत्व में दुर्ग से 100 युवाओं का उत्साही दल भगवान जगन्नाथ जी के दर्शन हेतु पुरी धाम के लिए रवाना हुआ। यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा युवाओं में आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक मूल्यों और राष्ट्रभावना को सशक्त करने के उद्देश्य से आयोजित की गई है।

आज के समय में जब अधिकांश युवा अवकाश के दौरान पर्यटन स्थलों की ओर आकर्षित होते हैं, ऐसे परिदृश्य में युवाओं को धर्म और संस्कृति से जोड़ने का यह प्रयास एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है। इस यात्रा के माध्यम से युवाओं को भारतीय सनातन परंपरा, आस्था और आध्यात्मिक जीवन मूल्यों से अवगत कराते हुए राष्ट्र सेवा की भावना को जागृत करने का प्रयास किया जा रहा है।

यात्रा के शुभारंभ अवसर पर भाजपा प्रवक्ता राजा खोखर, बाबा भट्ट, कांतिलाल जैन, मनोज अग्रवाल एवं अमर भोई दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचकर युवाओं को शुभकामनाएं दीं और उनके सफल एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।

नेतृत्वकर्ता नितेश साहू ने बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं को धर्म, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि पुरी धाम में भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर युवा आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त करेंगे और समाजहित में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!