CG BREAKING: शीतला मंदिर में बड़ी वारदात, मूर्ति तोड़ी… सोना-चांदी और दानपेटी साफ

डिजिटल डेस्क | धमतरी जिले के कुरुद अनुविभाग अंतर्गत बिरेझर चौकी क्षेत्र के ग्राम मरौद स्थित शीतला मंदिर में चोरी और तोड़फोड़ की गंभीर घटना सामने आई है। अज्ञात असामाजिक तत्वों ने देर रात मंदिर का ताला तोड़कर माता शीतला की मूर्ति को खंडित कर दिया तथा मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए सोने-चांदी के जेवर, नगदी और छत्र चोरी कर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने खंडित मूर्ति को मंदिर परिसर से बाहर फेंक दिया। सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे तो घटना का पता चला, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्र हो गए और घटना को लेकर भारी नाराजगी जताई।

सूचना मिलते ही बिरेझर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी, एसडीओपी और थाना प्रभारी सहित पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के लिए जिले को हाल ही में मिली अत्याधुनिक हाईटेक एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन और डॉग स्क्वायड की भी मदद ली जा रही है।

पुलिस आसपास के संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। वहीं ग्रामीणों ने इसे धार्मिक आस्था पर हमला बताते हुए जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!