CG BREAKING: पति के अफेयर के शक में बीच बाजार हंगामा, महिला ने स्कूली छात्रा को पीटा

मनेंद्रगढ़ में महिला और स्कूली छात्रा के बीच मारपीट, बीच बाजार मचा हंगामा

मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जनकपुर थाना क्षेत्र में एक महिला और स्कूली छात्रा के बीच बीच सड़क पर झूमाझटकी और मारपीट हो गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला को संदेह था कि उसके पति का संबंध एक स्कूली छात्रा से है। महिला का आरोप है कि छात्रा उसके पति से लगातार फोन पर बात करती थी। महिला द्वारा कई बार मना करने के बावजूद छात्रा के नहीं मानने पर वह छात्रा को समझाने पहुंची थी, लेकिन बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच हाथापाई हो गई।

 

मारपीट के दौरान छात्रा के चेहरे पर नाखून के निशान आने की बात सामने आई है। यह पूरी घटना बीच बाजार में हुई, जिसे देखकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और दोनों को अलग करने की कोशिश की गई।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को थाने लाया गया, जबकि छात्रा वहां से जा चुकी थी। जनकपुर थाना प्रभारी ओमप्रकाश दुबे ने बताया कि पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई की, लेकिन छात्रा मौके पर मौजूद नहीं थी।

 

पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि वह इस मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराना चाहती। महिला ने यह भी कहा कि उसने अपने पति के मोबाइल में छात्रा से बातचीत के कॉल रिकॉर्ड देखे थे, जिसके बाद वह नाराज थी।

 

फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!