दुर्ग ब्रेकिंग: महावीर स्कूल के छुट्टी समय पर पुलिस की दबिश, नाबालिगों पर कार्रवाई

ऑपरेशन सुरक्षा के तहत यातायात पुलिस दुर्ग की सख़्त कार्यवाही
स्कूल छुट्टी समय पर विशेष चेकिंग अभियान
नाबालिग छात्रों द्वारा वाहन संचालन पर कड़ा एक्शन
बिना लाइसेंस, बिना हेलमेट एवं अपंजीकृत वाहनों पर कार्यवाही
25 वाहन स्वामियों पर ₹62,500 का ई-चालान
नाबालिगों के अभिभावकों पर भी वैधानिक दायित्व तय

डिजिटल डेस्क |दुर्ग:सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा “ऑपरेशन सुरक्षा” के अंतर्गत दिनांक 19.01.2026 को प्रातः 11:30 बजे, स्कूल छुट्टी समय पर महावीर जैन विद्यालय, शिक्षक नगर, दुर्ग के समीप विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया गया।

अभियान के दौरान यह पाया गया कि कुछ नाबालिग छात्र-छात्राएं मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन करते हुए दोपहिया वाहन चला रहे थे। जांच में बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस, बिना हेलमेट, बिना वाहन पंजीयन एवं आवश्यक दस्तावेजों के वाहन संचालन के प्रकरण सामने आए।

उक्त मामलों में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 4/181 (नाबालिग द्वारा वाहन संचालन), 5/180 (वाहन स्वामी/अभिभावक की जिम्मेदारी), 129 (हेलमेट न पहनना) तथा 39/192 (अपंजीकृत वाहन का संचालन) के अंतर्गत कुल 25 वाहन स्वामियों के विरुद्ध वैधानिक ई-चालानी कार्यवाही करते हुए ₹62,500/- की राशि का समन शुल्क अधिरोपित किया गया।

अभियान के दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि नाबालिगों को वाहन उपलब्ध कराने वाले अभिभावकों/वाहन स्वामियों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 5/180 के तहत सख़्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिससे भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा यह संदेश स्पष्ट किया गया है कि नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है, तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। आगामी दिनों में भी स्कूलों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं प्रमुख मार्गों पर इस प्रकार के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!