भिलाई में फिर ट्रेन पर हमला….राजधानी एक्सप्रेस पर पत्थर फेंके

डिजिटल डेस्क |दुर्ग/भिलाई: भिलाई में एक बार फिर चलती ट्रेन पर पथराव की घटना सामने आई है। सोमवार शाम खुर्सीपार गेट और पावर हाउस के बीच अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा राजधानी एक्सप्रेस पर पत्थर फेंके गए, जिससे ट्रेन के इंजन के सामने लगा कांच क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें दरार आ गई।

जानकारी के अनुसार राजधानी एक्सप्रेस (12441) बिलासपुर से नई दिल्ली की ओर जा रही थी। सोमवार शाम करीब 4 बजे जब ट्रेन खुर्सीपार गेट पार कर पावर हाउस की दिशा में आगे बढ़ रही थी, तभी अचानक इंजन की ओर पत्थर फेंके गए। एक पत्थर सीधे इंजन के सामने लगे कांच पर आकर लगा, जिससे कांच टूटने से बच गया लेकिन उसमें दरार आ गई।

गनीमत रही कि घटना के दौरान लोको पायलट और सहायक लोको पायलट को किसी प्रकार की चोट नहीं आई। हालांकि अचानक हुई इस घटना से कुछ देर के लिए चालक दल सकते में आ गया, लेकिन उन्होंने सूझबूझ का परिचय देते हुए ट्रेन को सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना तत्काल लोको पायलट द्वारा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को दी गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ ने मामले की जांच शुरू कर दी है। भिलाई-3 आरपीएफ प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि अज्ञात पत्थरबाजों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में पथराव खुर्सीपार क्षेत्र की ओर से किए जाने की बात सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!