भिलाई में रफ्तार का कहर! KTM बाइक पेड़ से टकराई, दो किशोर जिंदगी से जंग लड़ रहे
डिजिटल डेस्क | दुर्ग/भिलाई: भिलाई नगर के टाउनशिप क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार बाइक हादसे का शिकार हो गई, जिसमें दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना सुबह लगभग 7:15 बजे सेक्टर-4 स्थित सेंट्रल एवेन्यू रोड, भट्टी थाना क्षेत्र में हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद दोनों किशोर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, बाइक चला रहा किशोर सेक्टर-3 का निवासी एवं कक्षा 10वीं का छात्र है, जिसके पिता केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में पदस्थ हैं। बाइक पर पीछे बैठा उसका मित्र रिसाली क्षेत्र का निवासी है। दोनों घायलों की पहचान दिव्या कुमार एवं अक्षत चंद्राकर के रूप में की गई है।
सीएसपी भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। दोनों घायलों को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है तथा पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक अत्यधिक तेज गति में थी और संतुलन बिगड़ने के कारण सीधे पेड़ से टकरा गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत कार्य में जुट गए।

