Heatwave Alert: उत्तर भारत झुलसा, समय से पहले दस्तक देगा मॉनसून
डिजिटल डेस्क: देश के कई हिस्सों में इस समय भीषण गर्मी और हीटवेव का प्रकोप जारी है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, बिहार समेत पूरे उत्तर भारत में तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में हीटवेव से लेकर गंभीर हीटवेव की चेतावनी जारी की है। आने वाले एक सप्ताह तक लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम बताई गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और विदर्भ के कई इलाकों में भीषण गर्मी दर्ज की गई। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी हीटवेव की स्थिति बनी रही।
इस बीच लोगों की नजरें अब मॉनसून पर टिकी हुई हैं। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, इस बार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून केरल में तय समय से पहले, यानी 26 मई तक पहुंच सकता है। सामान्यतः मॉनसून 1 जून को केरल पहुंचता है।
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में 5 जून तक, महाराष्ट्र और तेलंगाना में 10 जून तक मॉनसून पहुंचने की संभावना है। गुजरात, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 15 जून तक मॉनसून दस्तक दे सकता है। वहीं, मध्य प्रदेश और गुजरात के अधिकांश हिस्सों को 25 जून तक मॉनसून कवर कर सकता है।
उत्तर प्रदेश में मॉनसून के 20 जून तक पहुंचने की संभावना जताई गई है, जबकि कुछ क्षेत्रों में 25 जून तक बारिश शुरू हो सकती है। बिहार में 10 जून तक मॉनसून आने की उम्मीद है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मॉनसून सामान्यतः 25 जून के आसपास पहुंचता है। राजस्थान में 25 जून से 5 जुलाई के बीच मॉनसून सक्रिय होने की संभावना है।
मॉनसून से पहले दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। तमिलनाडु, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और लक्षद्वीप में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से गर्मी और लू से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की है। विशेष रूप से दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है।

