CG BREAKING: लंबे इंतजार के बाद छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल विस्तार, तीन नए चेहरे होंगे शामिल……नामों पर मुहर संभव

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लंबे समय से प्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार की तारीख अब तय हो गई है। कल यानी बुधवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में मंत्रीमण्डल का विस्तार किया जाएगा। इस दौरान तीन नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी।

 

सोमवार को पूरे दिन मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाओं का दौर जारी रहा। कहा जा रहा था कि मंगलवार को ही नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी।

दिनभर चली चर्चाओं के बीच बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात की, वहीं देर शाम अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल, आरंग विधायक गुरु खुशवंत, अभनपुर विधायक इंद्रकुमार साव और दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव सीएम हाउस पहुंचे और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की।

 

हालांकि देर रात यह खबर आई कि कैबिनेट विस्तार फिलहाल टल गया है और मुख्यमंत्री साय के विदेश दौरे से लौटने के बाद ही शपथ ग्रहण होगा।

अब आखिरकार भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने निर्णय लेते हुए मंत्रिमंडल विस्तार की प्रक्रिया को अंतिम रूप दे दिया है। जानकारी के अनुसार भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व 14 सदस्यीय मंत्रिमंडल बनाने पर सहमत हो चुका है। इसके तहत नए मंत्रियों के नामों पर सहमति बनी है।

चर्चा है कि दुर्ग शहर विधायक गजेंद्र यादव को मंत्री बनाया जा सकता है। गजेंद्र यादव के पिता आरएसएस में प्रांत संचालक रहे हैं और प्रदेश में यादव समाज की बड़ी आबादी को देखते हुए उन्हें मंत्री पद मिलने की संभावना प्रबल है।

 

इसी प्रकार अंबिकापुर से विधायक राजेश अग्रवाल को भी मंत्री बनाए जाने की चर्चा है। बिलासपुर से पूर्व मंत्री और वरिष्ठ विधायक अमर अग्रवाल का नाम भी मंत्री पद की दौड़ में शामिल है।

वहीं अनुसूचित जाति वर्ग से रायपुर संभाग के आरंग विधायक गुरु खुशवंत को भी मंत्रिमंडल में शामिल करने पर सहमति बनी है। वर्तमान में रायपुर संभाग से केवल मंत्री टंकराम वर्मा ही कैबिनेट में हैं।

 

इससे पहले बृजमोहन अग्रवाल भी इसी संभाग से मंत्री रहे हैं। ऐसे में रायपुर संभाग को प्रतिनिधित्व देने के साथ-साथ एससी वर्ग को साधने के लिए गुरु खुशवंत को मंत्री बनाए जाने की संभावना है।

 

 

मंत्रिमंडल विस्तार के बाद साय सरकार की टीम और मजबूत होगी। नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण के साथ ही सरकार में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन सुनिश्चित करने का संदेश भी दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!