दुर्ग रेलवे स्टेशन पर बड़ा खुलासा—88 वेंडरों के कार्ड एक्सपायर, RPF की कार्रवाई में हड़कंप

डिजिटल डेस्क | दुर्ग: दुर्ग रेलवे स्टेशन पर अवैध वेंडिंग के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा की गई कार्रवाई में रेलवे के वाणिज्य (कमर्शियल) विभाग की गंभीर लापरवाही उजागर हुई है। जानकारी के अनुसार, स्टेशन पर कार्यरत 88 वेंडरों के पहचान पत्र की वैधता समाप्त हो चुकी थी, बावजूद इसके नए कार्ड समय पर जारी नहीं किए गए।

इसी स्थिति के मद्देनजर RPF द्वारा विशेष अभियान चलाकर 15 अनाधिकृत वेंडरों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। जांच के दौरान प्लेटफॉर्म पर स्थित स्टॉलों के बाहर बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री अवैध रूप से रखी पाई गई, जिससे यात्रियों की आवाजाही और खरीदारी में असुविधा हो रही थी। कई स्थानों पर पानी की बोतलें, जूस और अन्य खाद्य सामग्री प्लेटफॉर्म पर खुले में रखी मिली, जिससे अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो रही थी।

कार्रवाई के दौरान RPF ने लगभग 2940 पानी की बोतलें, 96 फ्रूटी, 91 चिप्स पैकेट, 11 केक पैकेट सहित फल-सब्जियों के कैरेट जब्त किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। जब्त सामग्री को आगे की कार्रवाई हेतु दुर्ग पार्सल कार्यालय को सौंप दिया गया है।

प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि स्टेशन पर वेंडर आवंटन एवं संचालन से जुड़े नियमों का समुचित पालन नहीं किया जा रहा था। पहचान पत्र की अवधि समाप्त होने के बाद भी वेंडर कार्यरत रहे, जिससे अवैध वेंडिंग को बढ़ावा मिला।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी वाणिज्य विभाग द्वारा अभियान चलाकर 10 अवैध वेंडरों को पकड़ा गया था, जिन्हें RPF के सुपुर्द किया गया था। इसके बावजूद व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया।

रेलवे प्रशासन द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!