दुर्ग ब्रेकिंग: रेलवे टिकट के नाम पर बड़ा खेल! RPF की रेड में चॉइस सेंटर संचालक गिरफ्तार……पर्सनल ID से हो रहा था टिकटों का कारोबार
दुर्ग।रेलवे ई-टिकटों की अवैध बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने दुर्ग जिले के उतई स्थित एक ऑनलाइन चॉइस सेंटर पर छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान रेलवे के 9 आरक्षित ई-टिकट जब्त किए गए, जिनकी कुल कीमत 16,290.60 रुपए है। इनमें दो लाइव टिकट भी शामिल हैं, जिनकी कीमत 7,259 रुपए बताई गई है।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर RPF टीम ने उतई के सद्भावना चौक स्थित ‘एडविक ऑनलाइन एवं चॉइस सेंटर’ में जांच की। जांच के दौरान दुकान संचालक भोज कुमार साहू रेलवे की पर्सनल यूजर आईडी का उपयोग कर अन्य लोगों के लिए आरक्षित ई-टिकट बनाते हुए पाया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी Bhojkumarsahu123 नाम की पर्सनल यूजर आईडी से व्यावसायिक उद्देश्य से रेलवे टिकट बुक कर रहा था। रेलवे नियमों के अनुसार पर्सनल यूजर आईडी का उपयोग केवल स्वयं अथवा परिवार के सदस्यों के लिए टिकट बुक करने तक सीमित है। इस आईडी से दूसरों के लिए टिकट बनाकर शुल्क लेना रेलवे अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है।
कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से 9 आरक्षित ई-टिकट एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज जब्त किए। इसके बाद आरोपी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, दुर्ग में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
रेलवे सुरक्षा बल के अनुसार, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, बिलासपुर के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, रायपुर के मार्गदर्शन में रेलवे टिकटों के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पोस्ट प्रभारी एस.के. सिन्हा के नेतृत्व में उप निरीक्षक सनातन थनापति एवं आरक्षक एस.आर. मीणा की टीम ने 2 जुलाई 2026 को यह कार्रवाई की।

