जांजगीर-चांपा में फायरिंग: रिटायर्ड आर्मी जवान ने युवक को मारी गोली, दोनों पक्ष हिरासत में

डिजिटल डेस्क | दुर्ग/ जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत विकास नगर में सोमवार सुबह एक विवाद के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, किराना दुकान संचालक हिमांशु श्रीवास के पास शैलेंद्र साहू और पंकज कश्यप अपने साथियों के साथ पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।

दुकान संचालक द्वारा विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि शैलेंद्र और पंकज अपने साथियों के साथ दुकान में घुसकर तोड़फोड़ करने लगे। इसी दौरान हिमांशु के भाई और आर्मी से रिटायर्ड जवान गुलशन श्रीवास ने अपने लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दी।

फायरिंग में पंकज कश्यप (25) के जांघ में गोली लगी, जिसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बिलासपुर रेफर किया गया है। फिलहाल उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद की शुरुआत सुबह करीब 10 बजे एक पुराने एक्सीडेंट को लेकर हुई थी, जो बाद में बढ़कर हिंसक झड़प में बदल गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी गुलशन श्रीवास तथा उसके भाई हिमांशु श्रीवास को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

एसपी विजय कुमार पांडेय के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई थी, जिसके बाद युवकों द्वारा दुकान में तोड़फोड़ की गई। इसी दौरान रिटायर्ड जवान ने फायरिंग की।

पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!