दुर्ग में मर्डर..जेल से छूटते ही बदला लेने पहुंचा बदमाश, कुंद्रापारा में खूनी संघर्ष के बाद पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

कुंद्रापारा में मारपीट की घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु, पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई जारी

कुंद्रापारा क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान एक व्यक्ति की मृत्यु।

घटना में घायल अन्य व्यक्तियों का अस्पताल में उपचार जारी।

सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

प्रकरण में संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ जारी, दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

मामले की सभी पहलुओं से जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

दिनांक 12.07.2026 की रात्रि थाना पद्मनाभपुर क्षेत्रांतर्गत कुंद्रापारा में दो पक्षों के बीच विवाद एवं मारपीट की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही थाना पद्मनाभपुर पुलिस एवं वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे।

 

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच पूर्व से विवाद चल रहा था। घटना के दौरान हुई मारपीट में लेखराम कोठारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना में दोनों पक्षों के कुछ अन्य व्यक्तियों को भी चोटें आई हैं, जिनका उपचार जारी है।

 

मृतक हाल ही में न्यायिक अभिरक्षा से रिहा होकर बाहर आया था। पुलिस इस तथ्य की भी जांच कर रही है कि घटना पूर्व से चली आ रही रंजिश का परिणाम थी अथवा इसके पीछे अन्य कोई कारण था। मामले के प्रत्येक पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।

 

घटना के बाद क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए गए तथा आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।

 

प्रकरण में हत्या एवं मारपीट में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। अब तक दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच जारी है।

 

 

दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील करती है। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा घटना से संबंधित कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। दोषियों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!