Babu Khemani Arrested in Mumbai: मुंबई से धराया रायपुर का सट्टा किंग! ‘3 STUMPS’ के मास्टरमाइंड बाबू खेमानी गिरफ्त में
डिजिटल डेस्क | दुर्ग/ रायपुर। रायपुर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए इसके कथित मास्टरमाइंड बाबू खेमानी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। आरोपी को फ्लाइट के जरिए रायपुर लाया गया है। पुलिस द्वारा आज दोपहर 2 बजे पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाबू खेमानी ने महादेव सिंडिकेट की तर्ज पर ‘3 STUMPS’ नामक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तैयार कर आईपीएल मैचों में सट्टा संचालन कर रहा था। इस संबंध में 13 अप्रैल को गंज थाना में एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसके बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
जांच में सामने आया है कि खेमानी अपने रिश्तेदारों और परिचितों की मदद से पुणे, मुंबई और गोवा जैसे शहरों में बैठकर सट्टा पैनल संचालित करवा रहा था, जबकि स्वयं रायपुर से बाहर रहकर पूरे नेटवर्क को नियंत्रित कर रहा था। हाल ही में रायपुर पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े 20 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
पूरे सिंडिकेट का संचालन बेहद संगठित तरीके से किया जा रहा था, जिसमें अलग-अलग व्यक्तियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई थीं। यूजर्स को जोड़ना, दांव लगवाना और लेन-देन संभालना अलग-अलग ऑपरेटर्स के जिम्मे था।
लेन-देन के लिए म्यूल खातों का उपयोग किया जा रहा था, जिससे ट्रांजैक्शन को ट्रैक करना कठिन हो जाता था। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, विशेषकर इंस्टाग्राम के माध्यम से युवाओं को जोड़कर इस अवैध कारोबार का विस्तार किया जा रहा था।
फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुटी हुई हैं। नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी भूमिका की पड़ताल की जा रही है। विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।

