CG BREAKING: रायपुर के कारोबारी दीपक मित्तल की चंडीगढ़ के ताज होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, कमरे में मिली शराब और दवाइयां

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के प्रतिष्ठित कारोबारी और संजय ग्रेन प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर दीपक कुमार मित्तल (56) की चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित ताज होटल में मौत हो गई। वह मार्कफेड की बैठक में शामिल होने चंडीगढ़ पहुंचे थे। बुधवार, 21 अक्टूबर की सुबह होटल के कमरे में बेसुध मिलने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

 

जानकारी के अनुसार, दीपक मित्तल करीब दो दिन पहले होटल में ठहरे थे। बुधवार सुबह करीब 6 बजे होटल का वेटर उनके कमरे में पहुंचा तो दरवाजा खुला हुआ था। अंदर दीपक बिस्तर पर बेसुध अवस्था में मिले। होटल प्रबंधन को सूचना देने के बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर चंडीगढ़ पुलिस की थाना-17 टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, होटल के कमरे से शराब की बोतलें और कुछ दवाइयां मिली हैं। शुरुआती जांच में अत्यधिक शराब सेवन या नशीले पदार्थों के ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

 

पुलिस के मुताबिक, दीपक मित्तल के साथ एक युवती के रात में होटल आने की जानकारी सामने आई है। पुलिस युवती से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके। थाना-17 के एसएचओ सुदेश कुमार के अनुसार, दीपक को उनका ड्राइवर होटल छोड़कर गया था। मामले की जांच जारी है।

 

दीपक कुमार मित्तल रायपुर स्थित संजय ग्रेन प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर थे। कंपनी उसना चावल, कच्चा चावल, बासमती चावल, फोर्टिफाइड चावल, दाल और चावल से बनने वाले अन्य उत्पादों के कारोबार से जुड़ी है। कंपनी की स्थापना मई 1997 में हुई थी। इसका पंजीकृत कार्यालय रायपुर के रामसागरपारा स्थित आदिश्वर कॉम्प्लेक्स में है, जबकि फैक्ट्री आमासिवनी में स्थित है।

 

बताया जा रहा है कि दीपक मित्तल पंजाब सरकार की राशन किट से जुड़े बड़े ठेकेदारों में शामिल थे और मार्कफेड की बैठक में भाग लेने चंडीगढ़ गए थे। उनके निधन की सूचना बुधवार सुबह करीब 11 बजे परिवार को मिली।

 

घटना पर कंपनी की ओर से दुख जताते हुए कहा गया कि इस दुखद घटना से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। कंपनी परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करती है और इस कठिन समय में परिवार की मदद कर रही है। साथ ही, जांच में संबंधित अधिकारियों को पूरा सहयोग दिया जा रहा है।

 

फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!