रायपुर ऑटो एक्सपो में बंपर धमाका….रोड टैक्स में 50% छूट का असर…..20 दिन, 200 स्टॉल, 50 हजार वाहन… बनेगा नया इतिहास
रायपुर ऑटो एक्सपो में कारोबार का नया रिकॉर्ड, 5000 करोड़ के व्यापार और 50 हजार वाहन बिक्री का लक्ष्य
रायपुर। ऑटोमोबाइल सेक्टर में एक बार फिर बूम आने जा रहा है। रायपुर में आयोजित होने वाला रायपुर ऑटो एक्सपो इस बार नए रिकॉर्ड कायम करने की ओर अग्रसर है। अनुमान है कि एक्सपो के दौरान करीब 5000 करोड़ रुपए का कारोबार होगा, जबकि लगभग 50 हजार वाहनों की रिकॉर्ड बिक्री होने की संभावना जताई जा रही है। राज्य सरकार द्वारा रोड टैक्स में 50 प्रतिशत की छूट दिए जाने से वाहन खरीदारों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
रायपुर ऑटोमोबाइल एसोसिएशन (राडा) द्वारा आयोजित यह 9वां रायपुर ऑटो एक्सपो 20 जनवरी से 5 फरवरी तक मोवा स्थित श्रीराम बिजनेस पार्क में आयोजित किया जाएगा।
5 नए वाहनों की होगी भव्य लॉन्चिंग
एक्सपो के दौरान 5 नए वाहनों की लॉन्चिंग की जाएगी। आयोजन में विभिन्न प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनियों के डीलरों द्वारा 200 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां कार, दोपहिया, तीन पहिया एवं वाणिज्यिक वाहनों के साथ-साथ पार्ट्स, ऑयल, टायर एवं अन्य ऑटो एक्सेसरीज़ की भी बिक्री की जाएगी।
वहीं विभिन्न बैंकों द्वारा स्पॉट फाइनेंस, तत्काल डिलीवरी और ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 में साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित एक्सपो में 29,000 से अधिक वाहनों की बिक्री दर्ज की गई थी।
रोजाना होगी नए वाहनों की लॉन्चिंग
एक्सपो की शुरुआत के साथ ही रोजाना नए वाहनों की लॉन्चिंग की जाएगी। नई कारों से लेकर दोपहिया, तीन पहिया और अन्य वाणिज्यिक वाहनों को एक्सपो में प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें टाटा, किआ, एसयूवी सेगमेंट, टीवीएस सहित अन्य प्रमुख कंपनियों के वाहन शामिल होंगे।
डिजिटल डेटा अपडेट के लिए विशेष काउंटर
फाडा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीषराज सिंघानिया ने बताया कि वाहन बिक्री के साथ-साथ परिवहन विभाग द्वारा डेटा का त्वरित अपडेट किया जाएगा। इसके लिए एक्सपो स्थल पर अलग से विशेष काउंटर स्थापित किए जाएंगे, जहां ऑटो डीलर अपने वाहन बिक्री का डेटा अपलोड करेंगे।
खरीदारों को मिलेंगी कई तरह की छूट
फाडा के प्रदेश अध्यक्ष विवेक गर्ग ने बताया कि खरीदारों को जीएसटी के साथ नियमानुसार अन्य छूटों का भी लाभ मिलेगा। रिकॉर्ड वाहन बिक्री से जहां ऑटोमोबाइल सेक्टर को नई रफ्तार मिलेगी, वहीं राज्य सरकार को भी राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
रोड टैक्स में 50 फीसदी की छूट से ऑटोमोबाइल उद्योग को नई गति मिलने की पूरी उम्मीद है।

