दुर्ग निगम में किसकी चली?….शिवनाथ महोत्सव के आमंत्रण पत्र से प्रभारी पार्षद और सभापति का नाम गायब, निगम में उठे सवाल

डिजिटल डेस्क | दुर्ग। दुर्ग शहर की जीवनदायिनी शिवनाथ नदी के तट पर 15 फरवरी, महाशिवरात्रि के अवसर पर दुर्ग नगर निगम द्वारा शिवनाथ महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आयोजनों की तैयारी की गई है। आयोजन के लिए आमंत्रण पत्र भी छपवाए जा चुके हैं।

लेकिन आमंत्रण पत्र को लेकर अब सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, नगर निगम की पार्षद एवं संस्कृति, मनोरंजन एवं विरासत संरक्षण समिति की प्रभारी श्रीमती हर्षिका संभव जैन का नाम आमंत्रण पत्र में शामिल नहीं किया गया है। इतना ही नहीं, दुर्ग नगर निगम के सभापति श्याम शर्मा का नाम भी आमंत्रण पत्र से नदारद है।

गौरतलब है कि 14 फरवरी को आयोजित फ्लावर शो के आमंत्रण पत्र में दुर्ग की महापौर अलका बाघमार, स्कूल शिक्षा मंत्री, सांसद, निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल सहित संबंधित विभागीय प्रभारी का नाम प्रमुखता से अंकित किया गया है। वहीं 15 फरवरी के शिवनाथ महोत्सव के आमंत्रण पत्र से प्रभारी और सभापति दोनों का नाम गायब होना चर्चा का विषय बन गया है।

अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह महज प्रशासनिक चूक है, आंतरिक मनमुटाव का संकेत है या फिर निगम की अंदरूनी गुटबाजी? इस संबंध में नगर निगम की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।

शहर की राजनीति में इस मुद्दे को लेकर हलचल तेज हो गई है और आमजन जवाब की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!