अमित बघेल फरार — छत्तीसगढ़ क्रांति सेना प्रमुख की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की लगातार दबिश
रायपुर, दिनांक — 10 नवम्बर 2025 छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के अध्यक्ष एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रमुख अमित बघेल की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए अमित बघेल अपने परिचितों के घरों में छिपते हुए घूम रहे हैं। पुलिस ने दावा किया है कि उसकी जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
इसी सिलसिले में पुलिस ने छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के सदस्य शिवेंद्र वर्मा (निवासी सड्डू) एवं अजय यादव (निवासी धरमनगर, टिकरापारा) के घर पर छापा मारा है। दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है। साथ ही, पुलिस की कई टीमें राज्य के विभिन्न जिलों एवं अन्य राज्यों में भी लगातार दबिश दे रही हैं।
गौरतलब है कि 27 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़ने के प्रकरण के बाद, अमित बघेल द्वारा अग्रसेन महाराज एवं सिंधी समाज के ईष्ट देवता भगवान झूलेलाल जी पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में अग्रवाल समाज और सिंधी समाज ने प्रदेशभर में उग्र प्रदर्शन किया था।
अमित बघेल के खिलाफ रायपुर, दुर्ग, धमतरी, इंदौर, ग्वालियर, नोएडा, महाराष्ट्र एवं प्रयागराज सहित विभिन्न स्थानों पर FIR दर्ज की गई हैं। रायपुर में अग्रवाल समाज एवं सिंधी समाज के सदस्यों ने अलग-अलग थानों में शिकायतें दर्ज कराई हैं।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

