पिछड़ा वर्ग नेताओं के अपमान कांग्रेस की पहचान : तेखन सिन्हा

पिछड़ा वर्ग नेताओं के अपमान कांग्रेस की पहचान : तेखन सिन्हा

दुर्ग।भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष  तेखन सिन्हा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं साहू समाज के श्री अरुण साव पर की गई अभद्र टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए इसे उनकी घृणित एवं पिछड़ा वर्ग विरोधी मानसिकता का परिचायक बताया है। तेखन सिन्हा ने कहा कि भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा समाज के सम्मानित जनप्रतिनिधियों के अपमान को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगा। इस मामले को लेकर प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर जिले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा अपने आलाकमान के इशारे पर पिछड़ा वर्ग समाज को बदनाम करने का प्रयास किया है। सत्ता से बाहर होने के बाद कांग्रेस के नेता अनर्गल, अमर्यादित एवं विवादित बयान देकर सुर्खियों में बने रहना चाहते हैं, जिससे पिछड़ा वर्ग समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है।
तेखन सिन्हा ने कहा कि पूर्व में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व द्वारा साहू समाज के गौरव, देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भी आपत्तिजनक बयान दिए गए थे, जिसका जवाब देश की जनता लगातार तीन कार्यकालों से कांग्रेस को सत्ता से बाहर रखकर दे रही है।
उन्होंने कहा कि अब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव के लिए इस प्रकार की भाषा का प्रयोग करना कांग्रेस के नेतृत्व की ओछी एवं समाज विरोधी सोच को उजागर करता है।
तेखन सिन्हा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने बयान को तत्काल वापस लेकर सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं, तो भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश स्तर पर उनके विरुद्ध चौक-चौराहों पर पुतला दहन करेगी।
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन भविष्य में किसी भी कांग्रेसी नेता को सत्ता से बाहर होने के बाद पिछड़ा वर्ग समाज के नेताओं के विरुद्ध अशोभनीय, अनैतिक एवं अनर्गल बयान देने से रोकने के लिए आवश्यक है। अन्यथा आने वाले समय में देशभर में कांग्रेस की स्थिति और अधिक दयनीय होने से कोई नहीं रोक सकता।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!