CG BREAKING: नीट अभ्यर्थी ने की आत्महत्या, पढ़ाई के दबाव की आशंका
नीट अभ्यर्थी ने की आत्महत्या, पढ़ाई के दबाव की आशंका; जांच जारी
डिजिटल डेस्क | दुर्ग/रायपुर। राजधानी रायपुर के भाठागांव क्षेत्र में रविवार को एक नीट अभ्यर्थी द्वारा आत्महत्या किए जाने की दुखद घटना सामने आई है। मृतक की पहचान सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले निवासी पुष्पेंद्र पटेल (उम्र लगभग 20-22 वर्ष) के रूप में हुई है। वह पिछले दो वर्षों से रायपुर में किराए के मकान में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी कर रहा था।
घटना पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत भाठागांव स्थित अवधपुरी कॉलोनी की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 22 फरवरी की सुबह मकान की दूसरी मंजिल पर जीआई तार के सहारे फांसी लगाकर उसने आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
पुरानी बस्ती थाने के सहायक पुलिस आयुक्त देवांश सिंह राठौर ने बताया कि घटना से एक दिन पूर्व 21 फरवरी की रात भोजन के दौरान पुष्पेंद्र ने अपनी बहन से पढ़ाई में दिक्कत आने और याद नहीं होने की बात कही थी। बताया जा रहा है कि वह देर रात तक पढ़ाई कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पढ़ाई को लेकर मानसिक दबाव की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मामले की विस्तृत जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
मृतक के पिता करुणा सागर पटेल पेशे से किसान हैं। परिवार वर्तमान में सारंगढ़ जिले के बरसकोल मालदा में निवास करता है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन रायपुर पहुंच गए हैं।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है।

