CG BREAKING: नक्सलियों का सरेंडर अलर्ट….नक्सलियों ने सरकार को भेजा सरेंडर का प्रस्ताव
नक्सली संगठन ने सरकार के समक्ष रखा हथियार डालने का प्रस्ताव
सुरक्षाबलों के लगातार आपरेशनों और नक्सली संगठन के बढ़ते नुकसानों के बीच अब नक्सली संगठन की सेंट्रल कमेटी ने सरकार के सामने एक नया प्रस्ताव रखा है। नक्सलियों ने औपचारिक पत्र के माध्यम से कहा है कि वे हथियार डालकर सरकार की पुनर्वास योजना स्वीकार करने के लिए तैयार हैं।
नक्सली प्रवक्ता अनंत द्वारा महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्रियों के नाम भेजे गए पत्र में अनुरोध किया गया है कि संगठन को 15 फरवरी 2026 तक का समय दिया जाए, ताकि वे अपने साथियों को इस निर्णय की जानकारी दे सकें। पत्र में कहा गया है कि सरकार की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने पर अगली प्रेस विज्ञप्ति में हथियार डालने की अधिकृत तारीख घोषित कर दी जाएगी।
संघर्ष पर अस्थाई विराम का निर्णय
नक्सली प्रवक्ता ने बताया कि केंद्रीय कमेटी के सदस्य और पोलित ब्यूरो मेंबर कॉमरेड सोनू दादा ने मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए सशस्त्र संघर्ष को अस्थाई विराम देने का फैसला लिया है। इस निर्णय का समर्थन CCM सतीश दादा और CCM चंद्रन्ना ने भी किया है।
एंटी-नक्सल ऑपरेशन रोकने की मांग
जारी पत्र में नक्सलियों ने सरकार से अपील की है कि इस दौरान एंटी नक्सल ऑपरेशनों पर रोक लगाई जाए और उनके संदेशों को रेडियो पर प्रसारित किया जाए, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों में मौजूद साथियों तक सूचना पहुंच सके।
पत्रकारों व जनप्रतिनिधियों से मिलने की मांग
नक्सलियों ने अनुरोध किया है कि हथियार डालने की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने से पहले उन्हें कुछ पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों और यूट्यूबरों से मिलने का अवसर दिया जाए। समिति ने मध्यस्थों से सरकार और संगठन के बीच संवाद बढ़ाने की भी अपील की है।

