दुर्ग में सनसनी: देर रात पेट्रोल पंप के पीछे मिला अज्ञात युवक का शव, मौत बनी रहस्य

कुम्हारी में युवक की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में हार्ट अटैक की आशंका

डिजिटल डेस्क|दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना या हिंसा के संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवक की मौत स्वाभाविक कारणों, विशेषकर हार्ट अटैक से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अंतिम निष्कर्ष पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पुलिस ने बताया कि जियो पेट्रोल पंप के पीछे एक खाली स्थान पर युवक का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। मृतक की उम्र लगभग 27 से 30 वर्ष के बीच आंकी गई है। मौके पर युवक की शर्ट खुली हुई थी, बेल्ट ढीली थी तथा जूते उतरे हुए पाए गए। शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिलने से मारपीट या हादसे की संभावना से इनकार किया गया है।

अब तक नहीं हो सकी शव की पहचान

कुम्हारी थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। मर्ग कायम कर आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है। युवक यहां कैसे पहुंचा और कहां से आया था, इसकी भी जांच की जा रही है।

पुलिस का प्राथमिक अनुमान

CSP छावनी प्रशांत पैकरा ने बताया कि प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर यह मामला हार्ट अटैक से मृत्यु का प्रतीत होता है। संभव है कि युवक वॉशरूम के लिए रुका हो, इसी दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसने जूते उतारे और गर्मी या बेचैनी के चलते शर्ट के बटन खोल दिए हों। लेटने के बाद उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!