बस स्टैंड से गायब हुआ यूरिनल…..लोग ढूंढते फिर रहे सुविधा!
डिजिटल डेस्क दुर्ग/ धमतरी | नया बस स्टैंड धमतरी स्थित सार्वजनिक मूत्रालय से यूरिनल शीट गायब होने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उक्त यूरिनल शीट की चोरी की गई है या किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा तोड़फोड़ की गई है। मामले की जानकारी प्रभारी को भी नहीं होने से व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं।
वर्तमान में यूरिनल शीट गायब होने के कारण यात्रियों और आम नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। समुचित व्यवस्था न होने से लोग इधर-उधर शौच करने को मजबूर हैं, जिससे परिसर में गंदगी फैल रही है और स्वच्छता प्रभावित हो रही है।
स्थानीय नागरिकों ने इस घटना की जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही बस स्टैंड परिसर में शीघ्र नया यूरिनल स्थापित कर नियमित निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

