महापौर का जन्मदिन मनाने के चक्कर में नियम भूले, अल्का बाघमार के नाम पर दुर्ग की सड़कों पर अवैध होर्डिंग

डिजिटल डेस्क | दुर्ग। दुर्ग नगर निगम की महापौर श्रीमती अल्का बाघमार का 31 जनवरी को जन्मदिन है। इस अवसर पर उनके समर्थकों, कार्यकर्ताओं एवं भारतीय जनता पार्टी से जुड़े लोगों द्वारा शहरभर में शुभकामनाओं के नाम पर बड़े पैमाने पर होर्डिंग और बैनर लगाए जा रहे हैं। मुख्य मार्गों से लेकर डिवाइडर पर लगे स्ट्रीट लाइट पोल तक शहर को होर्डिंग से पाट दिया गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के बीच डिवाइडर और लाइट पोल पर लगाए गए होर्डिंग नियमों के खिलाफ हैं, जिससे वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो सकती है और दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है। जबकि नगर निगम द्वारा समय-समय पर अवैध होर्डिंग हटाने की कार्रवाई की जाती रही है, इसके बावजूद जन्मदिन के बहाने शहर में फिर से होर्डिंग लगना सवाल खड़े कर रहा है।

गौरतलब है कि हाल ही में स्थानीय व डिजिटल मीडिया में यह भी सामने आया था कि महापौर अल्का बाघमार ने स्वयं होर्डिंग हटाने की बात कही थी, लेकिन जमीनी हकीकत इससे उलट नजर आ रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या नियम सिर्फ आम जनता के लिए हैं, या फिर सत्ता और पद पर बैठे लोगों के लिए अलग मापदंड?

शहरवासियों ने मांग की है कि नियमों के विरुद्ध लगाए गए सभी होर्डिंग तत्काल हटाए जाएं और यातायात सुरक्षा के साथ-साथ नगर निगम की निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!