धनतेरस पर बाजार में रही रौनक, 25 टन सोने की बिक्री का अनुमान

धनतेरस पर्व के अवसर पर शनिवार को बाजार चमक उठा। ग्राहकों से बाजार गुलजार रहे। त्योहार पर जमकर खरीदारी हुई। किसी ने कार-बाइक ली तो किसी एसी-टीवी। बर्तन, सराफा, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्राॅनिक बाजार समेत अन्य बाजारों में देररात तक भीड़ उमड़ी। सराफा बाजार भी त्योहार पर जगमगा उठा। सोने-चांदी के सिक्के, मूर्तियां, गहने के साथ अन्य आभूषणों की भी खूब बिक्री हुई। शनिवार को धनतेरस होने के कारण अधिकांश ग्राहकों ने अपनी वस्तुएं खरीदने के बाद दुकानदार से रविवार को उसे घर ले जाने की बात कही।

बीते साल की तुलना में बाजार में इस बार औसतन 40 फीसदी अधिक धनवर्षा हुई। जिला व्यापार मंडल अध्यक्ष मंजीत सिंह छाबड़ा के मुताबिक देररात तक शहर से लेकर ग्रामीण अंचल तक के बाजारों में तकरीबन 3.71 अरब से अधिक के कारोबार होने का अनुमान है। जीएसटी दरों में कमी हाेने के कारण इलेक्ट्रॉनिक व ऑटोमोबाइल बाजार में जमकर खरीदारी हुई। बीते साल की तुलना में इस बार 40 फीसदी तक कारोबार में इजाफा होने की उम्मीद है। त्योहार के लिए बाजार में रौनक रही।

 

देश में धनतेरस के मौके पर करीब 25 टन सोने की बिक्री का अनुमान है।

राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को सोने की कीमतें रिकॉर्ड स्तर से नीचे गिरकर 2,400 रुपये की गिरावट के साथ 1,32,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गयीं। हालांकि, दिवाली त्योहार की शुरुआत के साथ धनतेरस पर देशभर में आभूषण दुकानों पर खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाली यह बहुमूल्य धातु शुक्रवार को 3,200 रुपये की तेजी के साथ 1,34,800 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई थी। स्थानीय सर्राफा बाजार में 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत में भी भारी गिरावट देखी गई और यह 2,400 रुपये की गिरावट के साथ 1,31,800 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर आ गया। पिछले सत्र में यह 1,34,200 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर को छू गया था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!