नेहरू नगर में आग का तांडव! मिनटों में राख हुआ रेस्टोरेंट का सामान……दमकल की एंट्री से टला बड़ा धमाका!
नेहरू नगर स्मृतिनगर मार्केट के रेस्टोरेंट में लगी आग, दमकल की तत्परता से बड़ा हादसा टला
डिजिटल डेस्क | दुर्ग/भिलाई: दुर्ग के नेहरू नगर स्थित स्मृतिनगर मार्केट में शनिवार सुबह एक रेस्टोरेंट में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि (गाइस रेस्टोरेंट) के किचन एरिया से आग की शुरुआत हुई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की एक दमकल टीम मौके पर रवाना की गई। फायर कर्मियों ने बिना समय गंवाए रेस्टोरेंट के भीतर प्रवेश कर किचन में लगी आग पर एक टैंकर पानी की मदद से काबू पा लिया। दमकल टीम की तत्परता से आग को आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
आग की चपेट में आकर रेस्टोरेंट में रखे दो फ्रिज, एसी, तंदूरी उपकरण और अन्य सामान जलकर खाक हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
फिलहाल आग लगने का कारण अज्ञात बताया जा रहा है। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
इस कार्रवाई में जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी श्री नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में फायर प्रभारी एफ. प्रवीण बारा तथा अग्निशमन कर्मी संतोष मडरिया, रमेश, दीपक साहू, तामेश और जय सोनकर की टीम ने सराहनीय भूमिका निभाई।
अग्निशमन दल की मुस्तैदी और टीमवर्क से संभावित बड़ी घटना को समय रहते टाल दिया गया।

