दुर्ग ब्रेकिंग: भिलाई सेक्टर-6 साईं मंदिर में देर रात बड़ी चोरी, गार्ड को बंधक बनाकर सोने-चांदी के मुकुट और नकदी ले गए बदमाश
साईं मंदिर, सेक्टर-6 भिलाई में चोरी की घटना – पुलिस जांच जारी
डिजिटल डेस्क | दुर्ग/भिलाई: सेक्टर-6 स्थित साईं मंदिर में दिनांक 26 फरवरी की दरम्यानी रात लगभग 02:30 बजे से 03:00 बजे के बीच अज्ञात आरोपियों द्वारा चोरी की गंभीर घटना कारित की गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लगभग 7 अज्ञात नकाबपोश व्यक्ति मंदिर परिसर में प्रवेश कर सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात गार्ड को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने गार्ड के हाथ-पैर बांध दिए, आंखों पर कपड़ा बांधा तथा डंडे से मारपीट कर उसे कुर्सी से नीचे पटक दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। घायल गार्ड का उपचार कराया जा रहा है। उसके चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं।
आरोपियों द्वारा मंदिर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। मंदिर परिसर के भीतर रखी दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी निकाल ली गई। साथ ही साईं बाबा के सोने-चांदी के मुकुट एवं चरण पादुका चोरी कर ली गई। मंदिर परिसर में लगे अन्य तालों को भी क्षतिग्रस्त किया गया है तथा दरवाजों को नुकसान पहुंचाया गया है। एक बड़ी छत्री को भी तोड़ने का प्रयास किया गया, किंतु भारी होने के कारण आरोपी उसे ले जाने में सफल नहीं हो सके।
घटना की सूचना प्रातः मंदिर प्रबंधन द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना प्राप्त होते ही थाना भिलाई नगर पुलिस, क्राइम ब्रांच टीम एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वॉड द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। मंदिर परिसर एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का सूक्ष्म परीक्षण किया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में 7 अज्ञात आरोपियों के शामिल होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। सभी आरोपी नकाब पहने हुए थे, जिससे पहचान में कठिनाई हो रही है। मंदिर के पीछे स्थित कुछ आवासों में भी चोरी/चोरी के प्रयास की जानकारी प्राप्त हुई है, जिसकी जांच की जा रही है।
प्रकरण में थाना भिलाई नगर में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है। आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु विशेष टीम गठित कर तलाश जारी है।

