दुर्ग ब्रेकिंग: धार्मिक कथा के दौरान बड़ा हादसा टला, पैरावट में लगी आग…..

डिजिटल डेस्क |दुर्ग: थाना बोरी अंतर्गत ग्राम दनिया में चल रही एक धार्मिक कथा के दौरान कथा स्थल के समीप रखे धान के पैरावट में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही सूचक द्वारा तत्काल अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को अवगत कराया गया। सूचना प्राप्त होते ही अग्निशमन विभाग की एक दमकल टीम को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

मौके पर पहुंचने पर अग्निशमन कर्मियों ने पाया कि आग धान के पैरावट से बढ़कर कथा स्थल के पंडाल के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुकी थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन कर्मियों ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए पानी के माध्यम से आग पर काबू पाया। चार गाड़ियों के पानी की मदद से पैरावट में लगी आग को पूरी तरह बुझाया गया, जिससे आग को आगे फैलने से रोका जा सका और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित किया गया।

अग्निशमन दल की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से एक बड़ी दुर्घटना होने से बच गई। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या अन्य नुकसान की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने का कारण अज्ञात बताया जा रहा है।

इस अभियान का नेतृत्व दल प्रभारी महेन्द्र चंदेल ने किया। अग्निशमन दल में शारदा प्रसाद, राजेश कुमार, चंद्रप्रकाश एवं भानुप्रताप शामिल थे। जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी श्री नागेंद्र कुमार सिंह ने अग्निशमन कर्मियों की त्वरित कार्रवाई एवं टीमवर्क की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!