CG BREAKING: कोंडागांव में मंत्री केदार कश्यप के काफिले का एक्सीडेंट, 6 घायल; 4 गंभीर घायलों को रायपुर रेफर

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में रविवार दोपहर मंत्री केदार कश्यप के काफिले के साथ सड़क हादसा हो गया। जूनवानी के पास एक स्कॉर्पियो वाहन ने पहले मंत्री की कार को टक्कर मारी। इसके बाद अनियंत्रित स्कॉर्पियो मंत्री के फॉलो वाहन से जा भिड़ी।

 

हादसे के समय मंत्री केदार कश्यप भी अपनी कार में मौजूद थे। हालांकि, उन्हें गंभीर चोट नहीं आई और वे सुरक्षित बच गए।

 

6 लोग घायल, 4 जवान शामिल

 

हादसे में कुल 6 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें एक महिला सहित 4 पुलिस जवान शामिल हैं। इसके अलावा मंत्री के पीए और ड्राइवर को भी चोटें आई हैं।

 

सभी घायलों को तत्काल कोंडागांव जिला अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद 4 गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

 

तीनों वाहन हुए क्षतिग्रस्त

 

टक्कर इतनी जोरदार थी कि मंत्री के काफिले के फॉलो वाहन समेत तीनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया।

 

जूनवानी थाना क्षेत्र का मामला

 

जानकारी के अनुसार, मंत्री केदार कश्यप अपने गृह ग्राम फरसागुड़ा से कोंडागांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कोंडागांव से जगदलपुर की ओर जा रही स्कॉर्पियो ने जूनवानी के पास मंत्री के काफिले की कार को टक्कर मार दी। इसके बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पीछे चल रहे फॉलो वाहन से जा टकराई।

 

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और स्कॉर्पियो चालक की लापरवाही थी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

 

हादसे के बाद मंत्री सुरक्षित

 

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मंत्री केदार कश्यप को कोई गंभीर चोट नहीं आई है। हादसे के बाद उन्होंने घायलों के उपचार की जानकारी ली। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!