Mahadev Betting App Mastermind Saurabh Chandrakar Arrested in Oman:महादेव ऐप का मास्टरमाइंड ओमान में गिरफ्तार! अब भारत लाने की तैयारी तेज
रायपुर।महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े प्रमुख आरोपी सौरभ चंद्राकर को ओमान में गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उस पर फर्जी इंडोनेशियाई पासपोर्ट के माध्यम से ओमान में प्रवेश करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में रह रहा था।
रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय जांच एजेंसियों के अनुरोध पर जारी इंटरपोल के रेड नोटिस के आधार पर रॉयल ओमान पुलिस ने सौरभ चंद्राकर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद भारत सरकार उसके प्रत्यर्पण (एक्सट्राडिशन) की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की तैयारी में जुट गई है।
बताया गया है कि फिलहाल सौरभ चंद्राकर को मस्कट स्थित हाई-सिक्योरिटी अल खौद डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। भारतीय एजेंसियां उसे भारत लाने के लिए आवश्यक कानूनी और कूटनीतिक प्रक्रियाओं पर काम कर रही हैं।
हालांकि, गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण प्रक्रिया को लेकर संबंधित भारतीय एजेंसियों की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है।

