CG BREAKING: DSP कल्पना वर्मा सस्पेंड….लव ट्रैप, करोड़ों की वसूली और खुफिया जानकारी लीक

डीएसपी कल्पना वर्मा निलंबित, कारोबारी की शिकायत पर सरकार की कार्रवाई

छत्तीसगढ़ शासन ने कारोबारी दीपक टंडन की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएसपी कल्पना वर्मा को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई प्राथमिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद की गई है। निलंबन अवधि के दौरान डीएसपी कल्पना वर्मा का मुख्यालय पुलिस मुख्यालय अथवा शासन द्वारा निर्धारित स्थान रहेगा तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

कारोबारी दीपक टंडन ने डीएसपी कल्पना वर्मा पर आरोप लगाया था कि उन्होंने कथित तौर पर ‘लव ट्रैप’ में फंसाकर करोड़ों रुपये की वसूली की और वॉट्सऐप चैट के माध्यम से पुलिस विभाग से जुड़ी गोपनीय एवं संवेदनशील जानकारियां साझा कीं। शिकायत के आधार पर शासन द्वारा मामले की प्राथमिक जांच कराई गई, जिसमें गंभीर तथ्य सामने आए।

30 दिन की जांच, 1400 पन्नों की रिपोर्ट

इस पूरे प्रकरण की जांच एएसपी कीर्तन राठौर के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई। करीब 30 दिनों तक चली जांच के बाद लगभग 1400 पन्नों की विस्तृत रिपोर्ट दो सप्ताह पूर्व गृह विभाग को सौंपी गई थी। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि महिला डीएसपी ने कारोबारी से बड़ी रकम और महंगे उपहार लिए तथा विभागीय खुफिया सूचनाएं वॉट्सऐप चैट के जरिए साझा कीं।

गोपनीय जानकारी लीक करने के आरोप

जांच रिपोर्ट में डीएसपी कल्पना वर्मा और कारोबारी दीपक टंडन के बीच हुई वॉट्सऐप चैट का उल्लेख है, जिसमें पुलिस विभाग से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं साझा किए जाने के संकेत मिले हैं। रिपोर्ट के अनुसार, चैट में नक्सली गतिविधियों, सुरक्षा बलों की तैनाती और ऑपरेशन से जुड़े इनपुट शामिल होने का दावा किया गया है।

सुरक्षा विशेषज्ञों ने इस तरह की खुफिया जानकारी के लीक होने को राज्य की आंतरिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया है। इस पहलू को लेकर उच्च स्तर पर रिपोर्ट तलब की गई थी, जिसे गोपनीय रखा गया है।

कारोबारी ने 2.5 करोड़ की वसूली का लगाया आरोप

कारोबारी दीपक टंडन ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2021 से महिला डीएसपी ने उनसे कथित तौर पर करीब 2.5 करोड़ रुपये की वसूली की। आरोपों में लगभग 2 करोड़ रुपये नकद, एक लग्जरी कार, 12 लाख रुपये की डायमंड रिंग, 5 लाख रुपये के सोने के गहने सहित अन्य महंगे उपहार शामिल हैं।

कारोबारी का कहना है कि शिकायत के बावजूद कार और गहने अब तक उसे वापस नहीं किए गए हैं, जिससे उसे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

होटल खोलने के नाम पर पैसे लेने का भी आरोप

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि डीएसपी कल्पना वर्मा ने अपने भाई के नाम पर होटल खोलने के बहाने कारोबारी से धनराशि ली। कारोबारी ने इस बिंदु पर अलग से विस्तृत जांच की मांग की है। उसका दावा है कि आगे की जांच में बैंक लेन-देन, वित्तीय रिकॉर्ड और संपत्ति से जुड़े अहम दस्तावेज सामने आ सकते हैं।

शासन ने मामले को गंभीर मानते हुए आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी रखने के संकेत दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!