बालोद में छात्रा पर एसिड अटैक का खुलासा, प्रपोजल ठुकराने पर दोस्त से करवाया हमला
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद में लव प्रपोजल ठुकराने से नाराज युवक ने एक 22 वर्षीय छात्रा पर एसिड अटैक करवाने की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी ने अपने बचपन के दोस्त को बुलाकर छात्रा पर हमला करवाया। घटना में छात्रा का चेहरा, आंख के आसपास का हिस्सा और शरीर का दाहिना हिस्सा बुरी तरह झुलस गया है।
घटना सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। छात्रा आमापारा की लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। इसी दौरान आमापारा आत्मानंद स्कूल के सामने सिंचाई कॉलोनी के पास पीछे से आए युवक ने उसके चेहरे पर एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। एसिड पड़ते ही छात्रा तेज जलन से चीखने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे बालोद जिला अस्पताल पहुंचाया।
हालत गंभीर होने पर छात्रा को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। पुलिस के मुताबिक, छात्रा MA की पढ़ाई पूरी कर चुकी है और वर्तमान में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी।
लव प्रपोजल ठुकराने से नाराज था आरोपी
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी बालोद के ग्राम नेवारीखुर्द का रहने वाला है और आमापारा में किराए के मकान में रहता था। वह छात्रा के साथ कोचिंग में पढ़ चुका है। आरोप है कि उसने छात्रा के सामने प्रेम प्रस्ताव रखा था, जिसे छात्रा ने ठुकरा दिया था। इसके बाद आरोपी ने अपने बचपन के दोस्त के साथ मिलकर उस पर हमला करने की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी ने करीब एक सप्ताह पहले भैरमगढ़, बीजापुर से अपने बचपन के दोस्त को बालोद बुलाया था। दोस्त अपने साथ एक महिला मित्र को भी लेकर आया था।
पहले कराई कथित शादी, फिर छात्रा पर हमला
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि एसिड अटैक से पहले मुख्य आरोपी ने कमरौद में अपनी महिला मित्र की मांग भरकर उससे कथित रूप से शादी की थी। इसके बाद छात्रा पर हमला किया गया।
आरोप है कि वारदात से पहले मुख्य आरोपी ने अपने दोस्त को एसिड की बोतल दी और छात्रा की रेकी करने के लिए भेजा। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपने दोस्त से छात्रा के चेहरे पर एसिड डालने की बात कही थी।
CCTV से मिला सुराग, कुछ ही घंटों में पकड़ा गया आरोपी
वारदात के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज खंगालना शुरू किया। मुख्य आरोपी को बालोद स्थित उसके किराए के मकान से गिरफ्तार किया गया। वहीं वारदात को अंजाम देने वाले उसके दोस्त को कोंडागांव में महिंद्रा बस से पकड़ा गया। उसके साथ एक युवती भी मिली, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की।
कोंडागांव पुलिस ने नारायणपुर चौकी के पास नाकाबंदी कर बस की जांच की थी। इसी दौरान दोनों संदिग्धों को पकड़ा गया और बालोद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी को उम्मीद थी कि बाहर से बुलाया गया उसका दोस्त वारदात के बाद आसानी से बालोद से निकल जाएगा और पुलिस की पकड़ में नहीं आएगा। हालांकि, पुलिस ने कुछ ही घंटों में उसे कोंडागांव से गिरफ्तार कर लिया।
मामले में मुख्य आरोपी और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस आज पूरे मामले का खुलासा कर सकती है।
सौरभ उपाध्याय, टीआई कोंडागांव ने बताया कि मामले में संदिग्धों को पकड़ा गया है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

