भिलाई में सनसनी: लिव-इन पार्टनर के साथ रह रही महिला की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
डिजिटल डेस्क | दुर्ग/ भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान राजिंदर कौर (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अपने लिव-इन पार्टनर राजा नाथ (नाग) के साथ पिछले तीन वर्षों से सेक्टर-2, स्ट्रीट-12 में रह रही थी। यह मामला भिलाई भट्टी थाना क्षेत्र का है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 फरवरी की रात राजिंदर कौर और उसका लिव-इन पार्टनर साथ में शराब पी रहे थे। इसी दौरान अचानक राजिंदर की नाक से खून बहने लगा। हालत बिगड़ने पर राजा नाथ की मां उसे जिला अस्पताल दुर्ग लेकर पहुंचीं, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 6 फरवरी को मौत की आधिकारिक पुष्टि की गई।
सूचना मिलते ही भिलाई भट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतका के परिजनों ने इस मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। राजिंदर की भांजी कृतिका ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें 6 फरवरी को दोपहर करीब 2 बजे दी गई, जिससे परिवार में संदेह और गहरा गया।
परिजनों का आरोप है कि राजिंदर कौर और राजा नाथ के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। उनका कहना है कि जब भी राजिंदर अपने मायके आती थी, उसके शरीर पर चोट के निशान दिखाई देते थे। ऐसे में परिवार ने निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।

