बिलासपुर में फिल्मी स्टाइल लूटकांड का खुलासा, करोड़ों के जेवर बरामद……

बिलासपुर में सराफा व्यापारी से हथियारबंद लूट का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, जेवरात बरामद

डिजिटल डेस्क| दुर्ग:बिलासपुर। बिलासपुर में सराफा व्यापारी से हुई हथियारबंद लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गए सोना-चांदी के जेवरात, नगदी तथा घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन बरामद की गई है।

उल्लेखनीय है कि 16 फरवरी की रात लगभग 9 बजे राजकिशोर नगर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर सराफा कारोबारी संतोष तिवारी (संचालक, महामाया ज्वेलर्स) को अज्ञात बदमाशों ने उस समय निशाना बनाया, जब वे दुकान बंद कर अपने वाहन से घर लौट रहे थे। आरोपियों ने दो वाहनों से रास्ता रोककर पिस्टल के बट एवं हथौड़ी से हमला किया तथा व्यापारी को गंभीर रूप से घायल कर उनकी कार लूटकर फरार हो गए। घायल व्यापारी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना के बाद पुलिस द्वारा विशेष टीम गठित कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी वारदात के बाद अंबिकापुर होते हुए उत्तर प्रदेश की ओर भाग निकले थे। समन्वित कार्रवाई के तहत मिर्जापुर में घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ढाई किलो से अधिक सोना, चांदी के आभूषण, नगदी एवं घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस अधीक्षक ने टीम की त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु इस प्रकार की आपराधिक गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!