CG BREAKING: इंडिगो की उड़ानें ठप: तीसरे दिन भी देशभर में 500 से अधिक फ्लाइट रद्द, रायपुर में दो उड़ानें प्रभावित
इंडिगो एयरलाइन में तीसरे दिन भी परिचालन बाधित, रायपुर एयरपोर्ट पर दो उड़ानें रद्द — यात्रियों में भारी नाराज़गी
रायपुर – देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो में संचालन संबंधी अव्यवस्था गुरुवार को तीसरे लगातार दिन भी जारी रही। एयरलाइन ने देशभर में 500 से अधिक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दीं, जबकि कई उड़ानें निर्धारित समय से घंटों देरी से संचालित हुईं। इस स्थिति के चलते हजारों यात्री एयरपोर्ट्स पर फंसे रहे और परेशानियों का सामना करते हुए दिखाई दिए।
रायपुर एयरपोर्ट पर भी स्थिति गंभीर
रायपुर स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर गुरुवार सुबह से ही अव्यवस्था देखी गई। यहां कोलकाता और गोवा जाने वाली इंडिगो की दो उड़ानें रद्द कर दी गईं। इंडिगो काउंटर पर यात्रियों की लंबी कतारें लगी रहीं। यात्रियों का कहना है कि उन्हें रद्द उड़ानों और अगले विकल्पों की स्पष्ट जानकारी समय पर उपलब्ध नहीं कराई जा रही।
देश के प्रमुख एयरपोर्ट्स पर रद्द उड़ानों का हाल (दोपहर तक)
- दिल्ली – 95 उड़ानें रद्द
- मुंबई – 85 उड़ानें रद्द
- हैदराबाद – 70 उड़ानें रद्द
- बेंगलुरु – 50 उड़ानें रद्द
कोलकाता, चेन्नई सहित अन्य महानगरों में भी उड़ानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित रहा, जिससे यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों, रिफंड और री-शेड्यूलिंग में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
यात्रियों ने एयरलाइन से मांग की है कि वह जल्द स्थिति सामान्य करे और पारदर्शिता के साथ समय पर जानकारी उपलब्ध कराए, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।

