IED Blast in Chhattisgarh: नक्सल मुक्त होने के बाद छत्तीसगढ़ में पहला ब्लास्ट, कांकेर में IED ब्लास्ट, 3 जवान शहीद
डिजिटल डेस्क |दुर्ग/कांकेर –नारायणपुर बॉर्डर क्षेत्र में शनिवार को सर्च ऑपरेशन के दौरान आईईडी विस्फोट में तीन जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना छोटेबेठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरोसकोडा के जंगल में हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों की टीम सुबह सर्चिंग अभियान पर निकली थी। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा पूर्व में लगाए गए आईईडी को निष्क्रिय करने के प्रयास के दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि मौके पर मौजूद जवानों को संभलने का अवसर नहीं मिला।
घटना में घायल जवानों को तत्काल रेस्क्यू कर उपचार के लिए भेजा गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण तीन जवानों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायल जवान परमानंद कोमरा का उपचार जारी है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए कांकेर भेजा गया है।
शहीद जवानों में डीआरजी के इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा और कॉन्स्टेबल संजय गढपाले शामिल हैं।
बस्तर रेंज के आईजी Sundarraj P. ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सरेंडर कर चुके नक्सलियों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर क्षेत्र में लगातार आईईडी बरामदगी का अभियान चलाया जा रहा था। उक्त कार्रवाई उसी अभियान का हिस्सा थी।
प्रशासन द्वारा क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी है तथा घायल जवान के बेहतर उपचार की व्यवस्था की जा रही है।

