सेहत: भागदौड़ भरी जिंदगी में सेहत का ख्याल: छोटे-छोटे बदलाव जो आपको रखेंगे फिट और तंदुरुस्त
भाग दौर भरी लाइफ स्टाईल में लोग आजकल लगातार अपनी सेहत को नज़रअंदाज करने का परिणाम यह होता है कि धीरे-धीरे हमारा शरीर जर्जर हो जाता है और कई तरह की बीमारियाँ जकड़ लेती हैं। अगर आप भी संतुलित भोजन न खाकर केवल तली-भुनी व मसालेदार चीजों को पसंद करते हैं तो वह दिन दूर नहीं जब आप डायबिटीज, मोटापा और अस्थमा जैसी तमाम बीमारियों से ग्रसित होकर अस्पताल के चक्कर काट रहे होंगे। समय रहते सेहत के प्रति सचेत होना ज़रूरी है इसलिये यहाँ हम कुछ सुझाव देने जा रहे हैं जो आपको भागदौड़ भरी जिंदगी में स्वस्थ रखने में मदद करेंगे। तो चलिये जानते हैं कैसे रखें अपनी सेहत का ख्याल
नाश्ते का रखे खास ध्यान
नाश्ते में विटामिन, प्रोटीन, फाइबर और ओमेगा-3 फैटी एसिड वाले पदार्थ खाने चाहिये। आप सुबह के समय नाश्ते में दलिया, ओटमील, अंकुरित दालें, अण्डा, सेब, संतरा, पपीता, केला और तारबूज़ को शामिल कर सकते हैं। नाश्ते में रोज़ाना अलग-अलग तरह की चीजें शामिल करें जिससे शरीर को सभी पोषक तत्व मिलते रहें। यह भी ध्यान रखें कि अपने दिन की शुरुआत गर्म नींबू पानी के साथ करें। यह शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली और पाचन तंत्र को मज़बूत करता है।

खूब पानी पीए
व्यस्तता के चलते अक्सर लोग पानी पीना भूल जाते हैं जो कि शरीर के लिये ठीक नहीं है। अगर आप पानी कम पीते हैं तो आपका मस्तिष्क कुशलता से काम नहीं करेगा, जिससे काम करने की क्षमता पर प्रभाव पड़ सकता है। खुद को हाईड्रेटेड रखने के लिये पानी की बोतल हमेशा साथ रखें। मोबाइल में मौजूद विभिन्न एप्लिकेशन आपको समय-समय पर पानी पीने की याद दिलाने में कारगर साबित हो सकते हैं।
सही समय में भोजन करें
जब हमारे पास कई काम होते हैं तो हम योज़ना बनाकर एक-एक काम समाप्त करते हैं जिससे सही समय पर सभी काम पूरे हो जाएँ और हम तनावमुक्त रहें। इसी तरह भोजन करने की भी एक योजना होनी चाहिये क्योंकि हमारे शरीर की चयापचय प्रक्रियाएँ जैसे भूख, पाचन और पोषण का प्रसंस्करण एक पैटर्न का पालन करती हैं। अनिश्चित समय पर खाने से यह पैटर्न बाधित होता है। इससे मोटापा, उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसी समस्याएँ हो सकती हैं। यह योजना अच्छी तरह से बनाएँ ताकि भोजन के दौरान आपको ज़ल्दबाजी करने या अस्वास्थ्यकर विकल्प चुनने की ज़रूरत न पड़े। हर दिन एक ही समय पर भोजन करने से आपका समग्र स्वास्थ्य सही रहेगा।
खाना खाने और सोने 2 घंटे का अंतर
रात को सोने से कम से कम दो घंटे पहले भोजन करना स्वास्थ्य के लिये लाभदायक होता है। इससे आपको रात में अच्छी नींद आएगी और अगले दिन भी आप तरोताज़ा महसूस करेंगे। साथ ही यह भूख को संतुलित करने, वजन बढ़ने से रोकने व स्वस्थ आहार संबंधी आदतों का निर्माण करने में मदद करता है। हालाँकि कई बार अधिक व्यस्त होने के चलते ज़ल्दी डिनर करना संभव नहीं हो पाता है। ऐसे में सूर्यास्त के बाद कार्बोहाइड्रेट्स लेने से बचें; इसके स्थान पर आप मौसमी फल और सब्जियाँ, दाल, छाछ और सूप का सेवन करें।

खाना खाते हुए फोन उपयोग ना करे
खाना खाते समय भी काम करना और खान-पान पर ध्यान न देना आपकी सेहत के लिये हानिकारक हो सकता है। यदि आप टीवी देखते हुए, मोबाइल या लैपटॉप चलाते हुए खाना खाते हैं तो इससे आप भूख से ज़्यादा खा (Overeating) सकते हैं। इसलिये ध्यान दें कि आप क्या खा रहे है। खाने का आनंददायक अनुभव आपको ताज़ा महसूस कराएगा और आप अधिक उत्साह के साथ काम पर वापस लौट सकेंगे।
चाय कॉफी कम मात्रा में ले
कई लोग काम के दौरान थोड़ी-थोड़ी देर में कॉफी पीने के आदी होते हैं। कैफीन एक बेहतर सप्लीमेंट है जिसे कम मात्रा में लेने से सतर्कता और उत्पादकता बढ़ती है। लेकिन कॉफी की अधिक मात्रा स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है। यह एक उत्तेजक के रूप में कार्य करती है। कॉफी के स्थान पर ग्रीन टी, ब्लैक टी या नींबू पानी लेना फायदेमंद होगा। ये पेय आपको हाइड्रेटेड रहने में मदद करेंगे। इसके अलावा, तुरंत ऊर्जा पाने के लिये आप कद्दू या सूरजमुखी के बीज और कुछ नट्स का उपयोग नाश्ते के रूप में कर सकते हैं।

