दुर्ग ब्रेकिंग: हिन्दू युवा छात्र मंच ने की कॉलेज में शैक्षणिक और प्रशासनिक अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग
Durg/
हिन्दू युवा छात्र मंच ने 15 अक्टूबर 2025, बुधवार को हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग के अपर संचालक एवं कुलपति सचिव महोदय को ज्ञापन सौंपा जिसमें डॉ. खूबचंद बघेल कॉलेज में प्राचार्या एवं कुछ शिक्षकों द्वारा की जा रही गंभीर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अनियमितताओं के विरुद्ध तत्काल जांच और कड़ी कार्यवाही की मांग की गई है।

संगठन ने बताया कि कॉलेज में प्राचार्या महोदया के लगातार अनुपस्थित रहने से प्रशासनिक कार्य अव्यवस्थित हो गए हैं तथा विद्यार्थियों के साथ अन्याय करते हुए बिना विषय निर्धारण के परीक्षा एवं वायवा लिए गए और परीक्षा के बाद भी कई विद्यार्थियों को अनुपस्थित दिखाया गया।

विद्यार्थियों की शिकायतों पर कोई सुनवाई न होने और प्राचार्या द्वारा विद्यार्थियों से मिलने से इंकार किए जाने के कारण हिन्दू युवा छात्र मंच ने यह विषय विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष उठाया है। संगठन ने मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी प्राचार्या एवं शिक्षकों पर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाए तथा अन्यायपूर्वक अनुपस्थित दिखाए गए विद्यार्थियों के परिणाम पुनः जारी किए जाएं।

संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर ठोस कार्यवाही नहीं की गई तो हिन्दू युवा छात्र मंच उग्र आंदोलन एवं धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य होगा जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।

यह जानकारी देते हुए छात्र संगठन के जिला संपर्क प्रमुख प्रिंस तिवारी ने बताया कि ज्ञापन देने के लिए जिला प्रभारी आलोक खापर्डे एवं जिला संयोजक नीरज देवांगन, राज गुप्ता, शिवांश वैष्णव, कमल रणदीवे, अंकित दुबे, हर्ष पद्मावर, ओमी पटेल, शिबू सोनी, आयुष देशमुख, विकास तांडी, जागेश्वर ठाकुर सहित हिन्दू युवा छात्र मंच के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

