दुर्ग में बड़ी GST रेड, हरिओम इन्गोट्स कंपनी के कागजात खंगाल रही टीम…..
डिजिटल डेस्क | दुर्ग/भिलाई छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित हरिओम इन्गोट्स एंड पावर लिमिटेड में जीएसटी विभाग की टीम द्वारा छापेमारी की कार्रवाई की गई है। सोमवार शाम लगभग 4:30 बजे दो वाहनों में सवार होकर जीएसटी विभाग के अधिकारी कंपनी परिसर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, वर्तमान में सात जीएसटी अधिकारी कंपनी के विभिन्न दस्तावेजों की गहन जांच कर रहे हैं। इस दौरान कंपनी के बिल, जीएसटी रिटर्न, इनवॉइस सहित अन्य वित्तीय अभिलेखों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
जांच का मुख्य फोकस टैक्स भुगतान, इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) और किसी भी संभावित वित्तीय अनियमितता से जुड़े रिकॉर्ड पर है।
कंपनी कर्मचारियों के मुताबिक, जीएसटी विभाग की टीम फिलहाल कंपनी परिसर के भीतर मौजूद है। जांच प्रक्रिया के बावजूद कंपनी का दैनिक कार्य सामान्य रूप से संचालित होता रहा।

