कला मंदिर गंजपारा में रत्नजड़ित गणेश प्रतिमा और विशाल भंडारा
दुर्ग। गंजपारा स्थित कला मंदिर अपनी तीन दशकों पुरानी परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी दुर्ग शहरवासियों के लिए विशाल पंडाल में चलित एवं जड़ित झांकियों का भव्य आयोजन कर रहा है।

यह आयोजन पिछले कई दशकों से कला मंदिर परिवार द्वारा निरंतर किया जाता रहा है, जिसकी प्रसिद्धि वर्ष दर वर्ष बढ़ती जा रही है।

कला मंदिर के संस्थापक निदेशक विजय बोहरा ने बताया कि विशाल मंडप पर इस बार पूजनीय श्री गणेश भगवान के साथ-साथ ज्ञान और शिक्षा की देवी मां सरस्वती तथा मान-सम्मान और धन-समृद्धि की प्रतीक मां लक्ष्मी भी विराजमान होंगी। वहीं, पंडाल के मध्य भाग में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की धनुष-बाण सहित आदमकद प्रतिमा विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।

कला मंदिर परिवार के सदस्य संजय बोहरा ने जानकारी दी कि श्री गणेश जी की प्रतिमा पर रत्नजड़ित आभूषण विशेष रूप से दर्शनीय है। आयोजन के अंतिम दिवस पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रतिवर्ष की भांति हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ प्राप्त करेंगे।

उन्होंने कहा कि कला मंदिर परिवार की एकजुटता, परिश्रम और निरंतर नए विषयों पर आधारित चलित झांकियां इस आयोजन को और भव्यता प्रदान करती हैं।
नगरवासियों से आग्रह है कि इस भव्य पंडाल में पधारकर दर्शन करें और धर्मलाभ प्राप्त करें।

