CG BREAKING: रायपुर से चला ऑनलाइन सट्टे का खेल….पुलिस ने दबोचा बड़ा खिलाड़ी

ऑनलाइन गेमिंग एप के जरिए सट्टा खिलाने वाला आरोपी गिरफ्तार, बड़े नेटवर्क का खुलासा

 

डिजिटल डेस्क | दुर्ग/कवर्धा | कबीरधाम पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग एप के माध्यम से सट्टा खिलाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़े सट्टा नेटवर्क का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम राजा सरदार है, जो लंबे समय से जिले में ऑनलाइन सट्टे का अवैध कारोबार संचालित कर रहा था।

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह छवई ने बताया कि आरोपी के खिलाफ यह कार्रवाई गोपनीय सूचना के आधार पर की गई। आरोपी लंबे समय से पुलिस की रडार पर था और लगातार मिल रही सूचनाओं के बाद उसे गिरफ्तार किया गया।

70 से 80 सट्टेबाजी आईडी एक्टिव
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी द्वारा ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिए 70 से 80 आईडी संचालित की जा रही थीं। इन आईडी के माध्यम से बड़े पैमाने पर ऑनलाइन लेन-देन किया जा रहा था, जिसमें करोड़ों रुपये के ट्रांजेक्शन की आशंका है।

रायपुर से संचालित हो रहा था रैकेट
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी राजा सरदार, रायपुर निवासी अनीश खान के इशारे पर जिले में ऑनलाइन सट्टे का नेटवर्क चला रहा था। पुलिस के अनुसार इस पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड अनीश खान है, जिसका करीबी सहयोगी स्वयम खुराना भी इस नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। दोनों फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

‘किंगडम बुक डॉट कॉम’ से हो रहा था सट्टा संचालन
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ‘किंगडम बुक डॉट कॉम’ नामक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से सट्टा खिलाता था। नेटवर्क के तहत बनाई गई आईडी के जरिए डिजिटल माध्यमों से पैसों का लेन-देन किया जा रहा था।

डिजिटल सबूत जब्त
कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से कई मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस एवं ऑनलाइन सट्टे से जुड़े महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त किए गए हैं। सभी डिजिटल सबूतों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, जिससे इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने की संभावना है।

आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी राजा सरदार पूर्व में गांजा तस्करी के मामले में जेल जा चुका है।

एसपी की सख्त चेतावनी
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि पूछताछ पूरी होने के बाद पूरे ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क और इसमें शामिल सभी आरोपियों की पहचान सार्वजनिक की जाएगी। जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!