देश दुनिया: टेलीग्राम एप्प के संस्थापक हुए गिरफ्तार, पढ़िए विस्तार से

टेलीग्राम मैसेजिंग एप के फाउंडर और सीईओ पावेल ड्यूरोव को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें शनिवार शाम पेरिस के बॉर्गेट हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया। जानकारी के मुताबिक, ड्यूरोव प्राइवेट जेट से अजरबैजान से बॉर्गेट हवाई अड्डे पहुंचे थे। उनके खिलाफ फ्रांस की प्रशासन ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। आइए जानते हैं कौन हैं पावेल ड्यूरोव और क्यों फ्रांस में मुश्किलों में घिर गए।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रांसीसी सीमा शुल्क से जुड़े फ्रांस के धोखाधड़ी विरोधी कार्यालय के अधिकारियों ने शनिवार शाम को फ्रांसीसी-रूसी अरबपति को हिरासत में लिया। 39 वर्षीय ड्यूरोव के खिलाफ टेलीग्राम पर मॉडरेशन की कमी के कारण फ्रांसीसी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। आरोप है कि प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कथित तौर पर मनी लॉन्ड्रिंग, ड्रग तस्करी और पीडोफाइल सामग्री साझा करने के लिए किया गया।

टेलीग्राम ने फिलहाल इस संबंध में कुछ नहीं कहा है। फ्रांस के गृह मंत्रालय और पुलिस ने भी इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है। रूस के विदेश मंत्रालय का कहना है कि वह स्थिति को स्पष्ट करने के लिए कदम उठा रहा है। हालांकि, साथ ही यह सवाल भी किया कि क्या पश्चिमी गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) ड्यूरोव की रिहाई की मांग करेंगे।

रूस में जन्मे 39 साल के ड्यूरोव मैसेजिंग एप टेलीग्राम के संस्थापक और मालिक हैं। बता दें, यह एप मुफ्त में इस्तेमाल किया जाता है। इसकी प्रतिस्पर्धा फेसबुक के व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम, टिकटॉक और वीचैट जैसे अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से है। मंच का लक्ष्य एक साल के भीतर एक अरब सक्रिय मासिक उपयोगकर्ताओं को पार करना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!