दुर्ग ब्रेकिंग: अमलेश्वर में दर्दनाक हादसा: दो फीट उछले बच्चे, एक की मौत, दूसरा जिंदगी से जूझ रहा
अमलेश्वर–पाटन मार्ग पर भीषण सड़क दुर्घटना, एक बच्चे की मौत – एक गंभीर
अमलेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत अमलेश्वर–पाटन मार्ग पर 29 नवंबर को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर वाहन (CG08 AW 9300) ने सड़क क्रॉस कर रहे दो मासूम बच्चों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बच्चे हवा में उछलकर दूर जा गिरे।
दुर्घटना में 12 वर्षीय टकेश्वर साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। घायल बच्चे को उपचार के लिए रायपुर के एक निजी अस्पताल में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
हादसे का वीडियो वायरल, वाहन चालक को नहीं की गई गिरफ्तारी
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि दोनों बच्चे साइकिल से सड़क पार कर रहे थे तभी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें कुचल दिया।
पुलिस द्वारा वाहन को अमलेश्वर थाने में जब्त कर लिया गया है, परंतु वाहन चालक को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। इस पर स्थानीय नागरिकों ने कड़ी आपत्ति जताई है और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों का आरोप – कार्रवाई में देरी, न्याय की मांग
मृतक टकेश्वर साहू के पिता रोहित साहू, जो अपने इकलौते बेटे को खो चुके हैं, ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि तेज रफ्तार और लापरवाही से उनके बेटे की जान गई, लेकिन अब तक आरोपी पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
पुलिस का पक्ष
अमलेश्वर थाना प्रभारी बसंत कुमार बघेल ने बताया:
- हादसे के बाद दोनों बच्चों को तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया।
- मृतक बच्चे का पोस्टमार्टम कर लिया गया है।
- मर्ग डायरी तैयार की जा रही है, जिसके बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी।
- वाहन चालक दुर्घटना के बाद भागा नहीं बल्कि घायल बच्चों को अस्पताल ले जाने में सहयोग किया था।
जिला पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि दुर्घटनाओं की स्थिति में सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। मामले की जांच निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई के साथ की जा रही है।

