CG BREAKING: पूर्व मेयर एजाज ढेबर के भतीजे शोएब ढेबर पर FIR, वीडियो वायरल…..
तेलीबांधा थाना क्षेत्र में सड़क विवाद, आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज
डिजिटल डेस्क | दुर्ग/रायपुर | तेलीबांधा थाना क्षेत्र अंतर्गत सड़क दुर्घटना एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना 6 फरवरी 2026 की रात लगभग 10 बजे की बताई जा रही है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता आरबी मिश्रा, निवासी विधायक कॉलोनी, तेलीबांधा, रायपुर, विशेष बच्चों का स्कूल संचालित करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 6 फरवरी की रात वे वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर दर्शन के लिए गए थे। दर्शन उपरांत जब वे अपनी कार क्रमांक CG-04-PY-5003 के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक इंडिवर कार के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी कार को टक्कर (स्क्रैच) मार दी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उन्होंने वाहन चालक को सावधानीपूर्वक गाड़ी चलाने की समझाइश दी, तो आरोपी ने बीच सड़क पर वाहन रोककर उनके साथ गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी।
आरोपी की पहचान शोएब ढेबर के रूप में
पुलिस जांच में आरोपी की पहचान शोएब ढेबर, पिता शराब कारोबारी अनवर ढेबर एवं पूर्व महापौर एजाज ढेबर के भतीजे के रूप में हुई है। घटना के बाद शिकायतकर्ता द्वारा तेलीबांधा थाना में आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर ली है।
आरोपी की तलाश जारी
पुलिस द्वारा आरोपी शोएब ढेबर की तलाश की जा रही है। वायरल वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विवेचना की जा रही है।
पूर्व में भी विवादों से रहा है नाता
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी शोएब ढेबर पूर्व में भी विवादों में संलिप्त रहा है। 7 अगस्त 2025 को वह बिना अनुमति केंद्रीय जेल रायपुर के मुलाकात कक्ष में प्रवेश कर गया था, जहां उसने अभद्र भाषा का प्रयोग किया था। इस घटना के बाद जेल प्रशासन ने उस पर कार्रवाई करते हुए कैदियों से मुलाकात पर प्रतिबंध लगाया था।
जेल अधीक्षक द्वारा जारी आदेश में कहा गया था कि उक्त कृत्य से जेल की सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासनिक कार्य प्रभावित हुआ। इसके बाद संबंधित जेल प्रहरी की शिकायत पर गंज थाना में प्रकरण दर्ज किया गया था।
पुलिस का कहना
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी कानून से ऊपर नहीं माना जाएगा।

