Fake AIIMS Job: रायपुर AIIMS में नौकरी लगाने का झांसा देकर युवक से 14.50 लाख की ठगी, दुर्ग पुलिस ने लखनऊ से दबोचा आरोपी

AIIMS में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 14.50 लाख की ठगी करने वाला आरोपी लखनऊ से गिरफ्तार

▪️ रायपुर एम्स में नौकरी लगाने का झांसा देकर प्रार्थी से 14,50,000 रुपये की धोखाधड़ी की गई
▪️ अपराध दर्ज होने के बाद से लगातार फरार चल रहे आरोपी को साइबर तकनीकी सहायता से ट्रेस किया गया
▪️ आरोपी की लोकेशन उत्तर प्रदेश के लखनऊ में मिलने पर पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया
▪️ प्रकरण में आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय प्रस्तुत करते हुए न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया

डिजिटल डेस्क | दुर्ग:  प्रार्थी मुकेश कोसरे, निवासी वृंदा नगर कैम्प-1 भिलाई द्वारा दिनांक 13.01.2026 को थाना वैशाली नगर में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसका कॉलेज मित्र अभिषेक जयसवाल स्वयं की बड़े अधिकारियों एवं प्रभावशाली व्यक्तियों से पहचान होना बताते हुए रायपुर एम्स में स्टाफ नर्स के पद पर नौकरी लगाने का झांसा दिया। आरोपी द्वारा नौकरी लगवाने के एवज में रकम की मांग की गई तथा ज्वाइनिंग लेटर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।

प्रार्थी आरोपी के झांसे में आकर सितम्बर 2021 से 16.10.2022 के मध्य अपने एसबीआई खाते से अलग-अलग किश्तों में कुल 14,50,000 रुपये आरोपी को प्रदान किया। इसके बाद आरोपी द्वारा लगातार ज्वाइनिंग लेटर देने एवं राशि वापस करने के नाम पर टालमटोल किया जाता रहा। बाद में आरोपी अपने निवास स्थान से फरार हो गया तथा प्रार्थी की राशि वापस नहीं की गई।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना वैशाली नगर में अपराध क्रमांक 20/2026 धारा 420 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपी की लगातार पतासाजी की जा रही थी। साइबर सेल भिलाई की सहायता से आरोपी के मोबाइल नंबर एवं बैंक खातों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। प्राप्त मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी के लखनऊ, उत्तर प्रदेश में होने की जानकारी प्राप्त हुई।

तत्काल पुलिस टीम गठित कर लखनऊ रवाना किया गया, जहां से आरोपी अभिषेक जयसवाल को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर थाना वैशाली नगर लाया गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किया गया। आरोपी को दिनांक 10.05.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।

▪️घटना का कारण :
नौकरी लगाने का झांसा देकर आर्थिक लाभ प्राप्त करना।

▪️घटनास्थल :
थाना वैशाली नगर क्षेत्र, भिलाई एवं ऑनलाइन बैंकिंग माध्यम।

▪️आरोपी का नाम :

1. अभिषेक जयसवाल, उम्र 31 वर्ष, निवासी सेक्टर-6 सड़क-12, मकान नंबर 05, बीएसपी स्कूल के पास, थाना भिलाई नगर, जिला दुर्ग।

▪️जप्त सामग्री :

1. प्रकरण से संबंधित दस्तावेज एवं तकनीकी साक्ष्य।
▪️सराहनीय भूमिका :
उक्त कार्यवाही में थाना वैशाली नगर पुलिस टीम एवं साइबर सेल भिलाई की सराहनीय भूमिका रही।

▪️दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को बिना सत्यापन के राशि प्रदान न करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा धोखाधड़ी की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!