ईद पर भगवा झंडा विवाद में भाजपा युवा मोर्चा का समर्थन – आर्मी जवान के घर पहुँचे भाजयुमो अध्यक्ष राहुल टिकरिहा
ईद पर भगवा झंडा विवाद में भाजपा युवा मोर्चा का समर्थन – आर्मी जवान के घर पहुँचे भाजयुमो अध्यक्ष राहुल टिकरिहा
दुर्ग, 09 सितंबर 2025 – छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में ईद पर्व के दौरान भगवा झंडा लगाने को लेकर हुई विवादित घटना ने देशभर में ध्यान खींचा है।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें पुलिसकर्मी द्वारा आर्मी जवान कौशल निषाद को धमकाया गया और उसके घर से भगवा झंडा हटाने का दबाव बनाया गया। जवान द्वारा इसका विरोध करने पर कथित गाली-गलौज और धक्का-मुक्की का भी वीडियो सामने आया।
इस पूरे घटनाक्रम के विरोध स्वरूप भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष राहुल टिकरिहा और दुर्ग भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष जीत हेमचंद यादव भारी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ आर्मी जवान के घर पहुँच कर उसकी हिम्मत बढ़ाई। वहां उन्होंने भगवा झंडा फहराकर जवान के साथ एकजुटता और समर्थन का प्रदर्शन किया।
भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने कहा, “देशभक्ति और सेना का सम्मान सभी नागरिकों का धर्म है। किसी भी जवान के साथ ऐसा व्यवहार अस्वीकार्य है। हम इस घटना की कड़ी निंदा करते हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं।”
इस मामले में बजरंग दल समेत अन्य हिन्दू संगठन भी कलेक्ट्रेट पहुँचकर एसपी से शिकायत कर चुके हैं और मांग की है कि मचांदुर क्षेत्र में अवैध रूप से बसे मुस्लिम परिवारों की जांच की जाए।
पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए संबंधित आरक्षक को लाइन अटैच कर दिया है। भाजपा युवा मोर्चा आगामी समय में इस मामले पर सख्त कदम उठाने की भी चेतावनी दे रहा है।

