CG BREAKING: मम्मी-पापा सॉरी… रायगढ़ यूनिवर्सिटी हॉस्टल में B.Tech छात्रा ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में छलका दर्द

रायगढ़ | छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक दुखद घटना सामने आई है। शनिवार देर रात एक निजी यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में रह रही 20 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान झारखंड के जमशेदपुर निवासी प्रिंसी कुमारी के रूप में हुई है, जो कंप्यूटर साइंस में बी.टेक सेकंड ईयर की छात्रा थी और पुंजिपथरा क्षेत्र स्थित यूनिवर्सिटी हॉस्टल में निवासरत थी।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्रा ने अपने हॉस्टल के कमरे में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या की। परिजनों द्वारा संपर्क न हो पाने पर हॉस्टल प्रशासन को सूचना दी गई। वार्डन द्वारा कमरे का दरवाज़ा अंदर से बंद पाए जाने पर खिड़की से झांककर देखा गया, जहां छात्रा फंदे पर लटकी हुई मिली। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा पढ़ाई के दबाव और मानसिक तनाव में थी। उसे फर्स्ट ईयर के कुछ विषयों में बैकलॉग थे, जिनके री-एग्जाम के साथ ही सेकंड ईयर की परीक्षाएं भी देनी थीं। कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए खुद को उनकी अपेक्षाओं पर खरा न उतर पाने की बात लिखी है। साथ ही पढ़ाई पर हो रहे खर्च को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई है।

परिजनों के अनुसार, सेमेस्टर फीस के लिए छात्रा ने हाल ही में किश्तों में लगभग एक लाख रुपये मांगे थे और पढ़ाई को लेकर वह लगातार तनाव में थी।

फिलहाल पुलिस सुसाइड नोट की सामग्री, परिजनों व हॉस्टल प्रशासन के बयान तथा अन्य पहलुओं के आधार पर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

— पुलिस प्रशासन, रायगढ़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!