दुर्ग ब्रेकिंग: कस्टम मिलिंग घोटाले में ईडी की बड़ी कार्रवाई – दुर्ग-भिलाई सहित 10 जिलों में दबिश
कस्टम मिलिंग घोटाले में ईडी की बड़ी कार्रवाई – दुर्ग-भिलाई सहित 10 जिलों में दबिश
दुर्ग : भिलाई के हुडको में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने कस्टम मिलिंग घोटाले के मामले में दबिश दी है। शुक्रवार सुबह 6 बजे ईडी की चार सदस्यीय टीम हुडको निवासी सुधाकर रावके के घर पहुंची, जहां टीम ने घर के अंदर जाकर घोटाले से जुड़े दस्तावेजों की तलाशी शुरू की। टीम वर्तमान में सुधाकर रावके के घर पर मौजूद है और दस्तावेजों की जांच कर रही है।

पूर्व आईएएस आलोक शुक्ला के घर पर भी दबिश
सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीम ने तालपुरी स्थित पूर्व आईएएस आलोक शुक्ला के आवास पर भी कार्रवाई की है। यहां से टीम ने कुछ डिजिटल साक्ष्य भी इकट्ठा किए हैं।
राज्यभर में छापेमारी अभियान
ईडी से जुड़े सूत्रों के अनुसार, छत्तीसगढ़ के अलग-अलग 10 जिलों में एक साथ कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि यह घोटाला 140 करोड़ रुपए से अधिक का है।

पहले भी हुई थी कार्रवाई
इससे पहले 3 सितंबर को भी ईडी ने कस्टम मिलिंग घोटाले को लेकर भिलाई, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर सहित कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की थी। उस दौरान कृषि कारोबार से जुड़े व्यापारियों के घरों और दफ्तरों से अहम दस्तावेज जब्त किए गए थे।
